दुःखद घटना



 

देवाल-घेस मोटरमार्ग पर यात्रियों से भरी जीप गहरी खाई में गिरी 

 

चमोली जिले में रविवार दोपहर में हुआ दर्दनाक हादसा

 

सेवा भारत टाइम्स ब्यूरो 

 

गोपेश्वर/देहरादून। चमोली जिले में रविवार दोपहर को एक दर्दनाक हादसा हो गया। देवाल-घेस मोटरमार्ग पर यात्रियों से भरी जीप गहरी खाई में गिर गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम शवों के रेस्क्यू में लगी हुई है। यह संख्या और अभी और भी बढ़ सकती है। बताया जा रहा है कि वाहन सवार सभी लोग अंत्येष्टी में शामिल होने जा रहे थे। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने वाहन दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इसकी मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिये हैं।  

 

जैसे ही वाहन देवाल से दो किमी दूर काली ताल के पास पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित होकर गहरी नदी में जा गिरा। जीप में 14 लोग सवार बताए जा रहे हैं। वहीं डीएम स्वाति एस भदौरिया घायलों से मिलने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंची। पांच घायलों को रेस्क्यू कर देवाल में इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया। इस दौरान एक व्यक्ति ने रास्ते में दम तोड़ दिया। डीएम, आपदा प्रबंधन के अधिकारी सहित थराली प्रशासन और पुलिस मौके के लिए रवाना हो गए हैं। शनिवार रात को वलाण गांव के एक व्यक्ति की देवाल के एक होटल में मौत हो गई थी। जिसके बाद गांव के कुछ लोग रविवार सुबह में उनके अंतिम संस्कार के निकले थे। 

 

मृतकों में जयवीर सिंह (30) पुत्र नारायण सिंह, जय सिंह (42) पुत्र पुष्कर सिंह, कैलाश सिंह (40) पुत्र गोविंद सिंह, मदन सिंह (55) पुत्र केदार सिंह, दरवान सिंह (65) पुत्र राम सिंह, सुरेंद्र सिंह (53) पुत्र बलवंत सिंह, धर्म राम (59) पुत्र पार सिंह, गोपाल सिंह (37) पुत्र खिलाफ सिंह, मदन सिंह (32) पुत्र पदम सिंह सभी मृतक ग्राम-बलाण गांव के निवासी शामिल हैं। घायलों में मोहन सिंह (36 ) पुत्र भजन सिंह, हिम्मत सिंह (60) पुत्र हयात सिंह, आलम राम पुत्र हयात राम, महावीर सिंह पुत्र भजन सिंह (वाहन चालक 32 वर्ष ) गोपाल सिंह (52 ) पुत्र गोविंद सिंह निवासी ग्राम-बलाण शामिल हैं। 

 

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने देवाल के समीप हुई वाहन दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने के साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने जिलाधिकारी चमोली से मृतकों के परिजनों व घायलों को तत्काल अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराने, साथ ही घायलों के ईलाज हेतु समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने वाहन दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के भी निर्देश दिये हैं।


Popular posts from this blog

पृथ्वी मुद्रा: जानिए स्वास्थ्य के लिए इसके फायदे

उत्तराखंड बोर्ड की हाई स्कूल व इंटर की बची परीक्षाओं की तारीख बदली :देखें

विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस l